छत्तीसगढ़: राज्य में लॉकडाउन बढ़ने के आसार,सरकार आज करेगी समीक्षा, हालात को देखते हुए कुछ छूट की संभावना
रायपुर :छत्तीसगढ़ के जिलों में 6 अप्रैल से चल रहे लॉकडाउन की आज सरकार समीक्षा करने वाली है। इसके लिए अलग-अलग जिलों में लॉकडाउन के प्रभावों की रिपोर्ट देखी जाएगी। फिलहाल लॉकडाउन को कुछ सप्ताह के लिए जारी रखे जाने की संभावना बताई जा रही है। इस बीच प्रतिबंधों में कुछ छूट दी जा सकती है।
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार से पूरे देश में पूर्ण लॉकडाउन की मांग की है। उसके साथ उन्होंने कमजोर तबकों के लिए “न्याय” के तहत वित्तीय मदद मुहैया कराने की भी मांग की है। उनकी इस मांग के बाद कांग्रेस नेता प्रदेश में भी सक्रिय हो गए हैं।

छत्तीसगढ़ सरकार में संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने कहा, प्रदेश में कोरोना संक्रमण से गंभीर हुए हालात धीरे-धीरे सुधरते अब दिख रहे हैं और इसकी मुख्य वजह लॉकडाउन ही है। इस स्थिति को और बेहतर बनाये रखने 15 मई तक लॉकडाउन को बढ़ाया जाना चाहिए। विकास उपाध्याय ने कहा, इस बार लॉकडाउन को आम जनता का समर्थन मिला है, वह अभूतपूर्व है। प्रदेश कांग्रेस के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला ने भी राहुल गांधी के पूर्ण लॉकडाउन की मांग का समर्थन किया है।
6 मई की सुबह खुलना है लॉकडाउन
जिला प्रशासन ने अलग-अलग जो लॉकडाउन घोषित किया था, उसे कई बार बढ़ाया जा चुका है। अंतिम बार इसे 6 मई की सुबह 6 बजे तक के लिए बढ़ाया गया था। आज की समीक्षा के बाद प्रशासन यह तय करेगा कि प्रतिबंधों को जारी रखना है अथवा उसमें छूट देनी है। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए कुछ सेवाओं में छूट देने के साथ लॉकडाउन जारी रखने का फैसला संभव है।